कांधला। थाने पर समाधान दिवस में लोहिया गांव गंगेरू के मजरे गढ़ीश्याम में जलनिकासी का प्रबंध न होने की शिकायत रखी गई तो राजस्व विभाग के कानूनगो राधेश्याम सैनी एवं लेखपाल ने पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचकर नाला खुदाई कार्य शुरू किया। लेकिन ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।
इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने गांव में नाला खुदाई कराई। प्रधान पति संजीव चौधरी के साथ गढ़ीश्याम के कई ग्रामीणों ने पहुंचकर पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की थी। ग्रामीणाें का कहना था कि गंगेरू लोहिया गांव में चयनित है। इसके बावजूद गंगेरू के मजरे गढ़ीश्याम में कोई तालाब न होने के कारण जलनिकासी नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों के सामने इस समस्या के आ जाने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान घरों में पानी भर जाता है। गंदगी और जलभराव से बीमारी फैलने की आशंका सता रही है। ग्रामीणों की इस शिकायत के बाद ही राजस्व विभाग की टीम पुलिस के साथ पहुंची और नाला खुदाई शुरू की। कुछ देर के हंगामे के बाद नाला खुदाई शुरू करा दी गई।