विधानसभा चुनाव 2017 के तहत चुनाव आयोग द्वारा तीन साल से अधिक समय से एक ही जिले में जमे इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टरों की सूची तलब कर ली गई। इस संबंध में शामली जिले के भी पुलिस कर्मियों की सूची तैयारी की जा रही है। बताया जाता है कि जिले में सात इंस्पेक्टर और 42 दरोगा इसकी जद में आ रहे है।
अगले साल उत्तरप्रदेश में चुनाव होने है। विधानसभा के इन चुनावों के मद्देनजर चुनाव आयोग ने अपनी कमर कस ली है। चुनाव आयोग के द्वारा इस संबंध में उन पुलिस कर्मियों की सूची शामली पुलिस अधीक्षक से मांग गई है। जो जनपद में पिछले तीन साल से अधिक समय से जमे है। इसी के तहत जनपद में सालों से मठाधीश बने बैठे पुलिसकर्मियों की सूची का संकलन शुरू हो गया है।
जिले में तैनात इन ऐसे पुलिसकर्मियों का पूर्व में ट्रांसफर भी हो चुका है तथा बाकियों की ब्योरा तैयार कर शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। बताया जाता है कि शामली जिले में तैनात करीब सात इंस्पेक्टर इस जद में आ रहे है, इसके साथ ही करीब 42 दरोगा भी इस सूची में शामिल है, जो तीन साल से अधिक होने के बाद भी यहां पर जमे है।
बताया जाता है कि इन सात इंस्पेक्टरों में से दो इंस्पेक्टर तो यहां से रिलीव होकर भी चले गए है, जबकि इनमें से दो यहां पर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे है। बताया जाता है कि इन इंस्पेक्टरों को जिले से बाहर भेजा जाएगा, जबकि दरोगाओं की विधानसभा बदली जाएगी।