आसपास के जनपदों में शैक्षिक भ्रमण पर जाएंगे कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। समग्र शिक्षा माध्यमिक के तहत जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नौवीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाया जाएगा। विद्यार्थियों को भ्रमण के दौरान ऐतिहासिक धरोहरों के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक किया जाएगा। 31 दिसंबर तक सभी विद्यालय अपनी सुविधा के अनुरूप विद्यार्थियों को आसपास के जिलों में ऐतिहासिक स्थलों व पार्कों का शैक्षिक भ्रमण कराएंगे।
समग्र शिक्षा माध्यमिक के तहत शैक्षिक भ्रमण के लिए राजकीय विद्यालयों में प्रत्येक छात्र-छात्रा के लिए 500 रुपये भेजे गए हैं। जनपद में 22 राजकीय कॉलेज संचालित है। इन विद्यार्थियों को आसपास के मेरठ, हस्तिनापुर, कुरुक्षेत्र, दिल्ली, हरिद्वार अन्य राज्य व जनपदों का शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। ताकि विद्यार्थी देश की ऐतिहासिक धरोहरों व पर्यावरण संरक्षण के बारे में जागरूक हो सकें। जिला विद्यालय निरीक्षक जेएस शाक्य ने बताया कि छात्रों के बौद्धिक विकास के लिए प्रत्येक राजकीय विद्यालय में 31 दिसंबर तक शैक्षिक भ्रमण कराया जाएगा। भ्रमण के दौरान शिक्षक बच्चों को ऐतिहासिक धरोहर के साथ ही पार्क का भ्रमण कराएंगे। प्रत्येक विद्यार्थी के लिए शासन ने पांच सौ रुपये बजट स्वीकृत किया है, जो सीधे विद्यालयों को भेजा गया है। पर्यटन के साथ ही ज्ञान में भी वृद्धि होगी।