शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव गोहरनी में राजस्व टीम पर पथराव कर जानलेवा हमला करने के फरार चार आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार हुए दो भाईयों समेत तीन आरोपियों का पुलिस ने चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गांव गोहरनी निवासी धनराज ने एसडीएम सदर को शिकायती पत्र देकर बताया था कि गांव के कुछ लोग उसकी आवासीय भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इस शिकायत पर शुक्रवार की शाम करीब साढ़े चार बजे नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ गांव गोहरनी पैमाइश करने पहुंची थे। आरोप है कि उस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने राजस्व टीम पर पथराव कर हमला कर दिया था। इस हमले में धनराज के पुत्र राहुल घायल हो गए थे। हल्का लेखपाल योगेंद्र कुमार की तरफ से सात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, ईंट पत्थर और लाठी डंडों से जानलेवा हमला करने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने मौके से नामजद आरोपी दो भाई राजू व रवि और नीटू को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि पंकज, नीटू, मिंटू और सुनील पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाए थे। आदर्श मंडी थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राजस्व टीम पर हमले के मामले में फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया मौके से गिरफ्तार तीनों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।