शामली के थानाभवन में भारतीय किसान यूनियन के आह्वान पर बिजली आपूर्ति सुधारने से लेकर अन्य पांच सूत्रीय मांगों के लिए ग्रामीणाें ने बिजलीघर पर धरना देकर विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। एसडीओ को बंधक बनाकर घंटों तक हंगामा किया गया।
शनिवार को नगर के बिजलीघर पर भकियू के जिलाध्यक्ष जावेद तोमर के नेतृत्व में हसनपुर लुहारी के ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। धरना स्थल पर पहुंचे एसडीओ विद्युत नरेश चंद और जेई आलोक कुमार को ग्रामीणों ने घंटों तक अपने बीच बंधक बनाए रखा।
जिलाध्यक्ष जावेद तोमर ने ग्रामीणों की पांच मांगों को उठाया। इनमें लुहारी बिजली घर पर फुंकी दो ओसीबी मशीनों को बदलने, जर्जर बिजली के तारों को बदलने, मनमानी कर रहे लाइनमैनों को हटाने, थानाभवन के बंदागढ़ में खंभों की ज्यादा दूरी होने के कारण बार बार केबिल टूटने की समस्याएं रखीं। लुहारी में जर्जर तारों के कारण एक वर्ष में दो ग्रामीणों की जान जा चुकी है। पिछले सप्ताह दो दुधारू भैंसें भी मर गई थीं।
एसडीओ नरेश चंद ने समस्याओं के शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। मौके पर लॉक अध्यक्ष शहजाद राव, नगर अध्यक्ष अनीस मंसूरी, बबल खां, दिलशाद मलिक, नईम मंसूरी, सोनू, नौशाद, मतलूब पहलवान, सलीम अंसारी, आशु, महमूद, चांद सलमानी, नवाब अली आदि रहे।