शामली। शहर में जाम और अतिक्रमण हटवाने को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट में व्यापारियों ने एसडीएम एमपी सिंह के साथ बैठक की। जिसमें व्यापारियों ने जाम से निजात दिलाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि गुरुद्वारे के सामने रेलवे रोड पर कम से पांच फुट ऊंचा बैरियर लगाया जाए, ताकि बडे़ और ओवरलोड वाहन ना गुजर सके। बाईपास से गुुजरने वाले वाहनों को वन वे कराया जाए, मिल में ट्रकों में आने वाला गन्ना रात में नौ बजे से बाद में लाया जाए। साथ ही दुकानों के बाहर विज्ञापन संबंधी बोर्ड रखे हुए हटवाए जाएं।
इसके अलावा धीमानपुरा फाटक से मिल रोड तक ठेले व अस्थाई दुकानों को हटवाया जाए और फाटक बंद होने पर टंकी रोड की ओर से आने वाले वाहनों को दूसरी साइड से निकाल दिया जाए।
बाईपास पर बंधे हुए पशुओं को खुलवाया जाए। साथ ही बुढ़ाना रेलवे फाटक से नगर की ओर डिवाइडर बनाए जाए आदि बिंदुओं पर चर्चा की। इस दौरान घनश्याम दास गर्ग, अंकित कुमार गोयल, सुभाष धीमान, कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार राय, अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे। एसडीएम ने जल्द ही बिंदुओं पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।