शामली। केंद्र सरकार ने स्कूल-कालेजों को 15 अक्तूबर से चरणबद्ध तरीके से खोले जाने की अनुमति दी है। साथ ही स्कूल-कालेजों में कक्षाओं के संचालन का फैसला राज्य सरकारों पर छोड़ दिया है। अब स्कूल-कालेजों को राज्य सरकार की गाइड लाइन का इंतजार है।
सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल शामली के प्रधानाचार्य डॉ. एके गोयल ने बताया कि उन्हें अभी तक राज्य सरकार या जिला प्रशासन की तरफ से कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। जैसे ही स्कूल खोलने संबंधी गाइड लाइन मिलेगी। उसी के अनुसार स्कूल खोलने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या आशु त्यागी ने बताया कि केंद्र सरकार की गाइड लाइन के अनुसार 15 अक्तूबर से चरणबद्ध् तरीके से स्कूल खोले जाने ती उम्मीद है, हालांकि फैसला राज्य सरकार पर छोड़ा गया है। राज्य सरकार या जिला प्रशासन की तरफ से अभी कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले है। राज्य सरकार व प्रशासन की गाइड लाइन के अनुसार स्कूल खोले जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि शासन की तरफ से स्कूल-कालेज खोले जाने संबंधी दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। जैसे ही दिशा-निर्देश मिलेंगे, उसी के अनुसार स्कूल कालेज खुलवाने की व्यवस्था कराई जाएगी। उधर, डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शासन से स्कूल-कालेज खोले जाने के संबंध में अभी गाइड लाइन नहीं मिली है। गाइड लाइन मिलने के बाद स्कूल-कालेज खोले जाने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।