वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम करें अधिकारी
शामली। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तृतीय चरण का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सामंजस्य बनाकर लोगों को वेक्टर जनित बीमारियों से बचाएं और जागरूक करें।
बृहस्पतिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान 2020 के तृतीय चरण का सीएम योगी आदित्यनाथ ने उद्घाटन किया। 31 अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहा कि वेक्टर जनित बीमारियों से जन समुदाय को सुरक्षित करने का इस अभियान का उद्देश्य है। दस्तक अभियान के अंतर्गत आशाएं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लोगों को जागरूक करने के साथ इसका भी ध्यान रखे कि कहीं पर भी पानी का भराव न हो। सभी अधिकारी सामंजस्य बनाकर कार्यक्रम संचालित करेंगे। नगर क्षेत्रों में नगर निकाय, ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत राज विभाग संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान सफाई और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराएंगे। इस दौरान कोविड-19 को देखते हुए दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी का पालन करना अनिवार्य रहेगा। इस दौरान डीएम जसजीत कौर, सीएमओ डा. संजय भटनागर, एसीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी डा. विनय कुमार, सीडीओ शंभूनाथ तिवारी, डीपीएम आशुतोष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।