कांधला इस्लामपुर घसौली मार्ग पर स्कूली बस पलटने के बाद बच्चो को निकालते लोग
- फोटो : SHAMLI
स्कूली बस पलटी, तीन छात्र घायल
शामली, कांधला। ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को लेकर जा रही बस इस्लामपुर घसौली के निकट जुगाड़ को बचाने के चक्कर में सड़क किनारे पलट गई। ग्रामीणों की मदद से बस में सवार छात्र-छात्राओं को बाहर निकाला गया। हादसे में तीन छात्रों को मामूली चोट आई।
सोमवार सुबह कस्बे के संत गोरखनाथ चिल्ड्रेन एकेडमी के छात्र-छात्राओं को लेकर बस कांधला स्कूल में आ रही थी। उसमें 17 बच्चे थे। ग्रामीणों के अनुसार गांव इस्लामपुर घसौली से निकलते ही सामने की ओर से तेज गति से आ रहे एक जुगाड़ को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कच्चे स्थान पर पलट गई। बस पलटते ही उसमें सवार बच्चों की चीख पुकार मच गई। राहगीर और खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बस के चालक ने ग्रामीणों की मदद से बच्चों को बस से बाहर निकाला। बस चालक की सूचना पर स्कूल प्रबंधन के लोग और स्टाफ मौके पर पहुंचा। इस बीच कई बच्चों के अभिभावक भी वहां पहुंच गए थे।
बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित मिले, हालांकि छात्र अर्पित, निर्मल, सोनू तीन बच्चों को हल्की चोटें आईं थीं। बच्चों का उपचार करा दिया गया। स्कूल प्रबंधन ने दूसरी स्कूली बस बुलाकर छात्रों को स्कूल भिजवाया। बाद में जेसीबी मशीन को मंगाकर बस को सीधा कराया गया। हादसे के बाद छात्र-छात्राएं सहमे रहे।
किसी को चोट नहीं आई- प्रबंधक
स्कूल प्रबंधक क्षतिज मित्तल ने बताया कि बस चालक के जुगाड़ को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। बस में 17 छात्र-छात्राएं थे। लेकिन किसी को चोट नहीं आई है। सभी बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्कूल आकर शिक्षण कार्य भी किया है।