थानाभवन नगर के मोहल्ला चमड़ा पीठ में बारिश के चलते गिरा टीनशेड। संवाद
घायलों को निजी अस्पताल में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाभवन (शामली)। कस्बे के मोहल्ला चमड़ा पीठ कॉलोनी में बारिश से आरा मशीन की दीवार और टिन शेड भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर आरा मशीन संचालक शाहिद (49) की मौत हो गई और उनके दो बेटे अरमान (17) व नौमान (15) घायल हो गए।
थानाभवन के मोहल्ला चमड़ा पीठ काॅलोनी में शाहिद की आरा मशीन व गोदाम है। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे शाहिद व उसके दो पुत्र अरमान व नौमान उर्फ लल्लू गोदाम पर काम में लगे थे। बारिश के दौरान मिट्टी के गारे से बनी दीवार गिर गई और उस पर रखे गर्डर व टिन शेड की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। मलबे में पिता-पुत्र दब गए। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को मलबे से निकाला।
परिजन पिता-पुत्रों को शामली के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने शाहिद को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। लोगों का कहना है कि बारिश के चलते अचानक दीवार धंस गई, जिससे यह हादसा हुआ। जांच अधिकारी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। इस मामले में परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है।
महिला के मकान की कच्ची छत गिरी
फोटो
कैराना। कस्बे के मोहल्ला आल कलां निवासी इरफाना के पति दिलशाद की करीब पांच साल पहले मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे मकान के कमरे की कच्ची छत की कड़ियां टूटकर गिर गईं। कमरे के अंदर इरफाना का आठ वर्षीय बेटा उमैर चारपाई पर लेटा हुआ था। हादसे में उमैर बाल बाल बच गया जबकि छत के मलबे में दबकर चारपाई व घर का अन्य सामान नष्ट हो गया। हादसे के वक्त इरफाना के अन्य तीन बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल गए थे। इरफाना ने बताया कि उसने पीएम आवास योजना के तहत कई बार फॉर्म भरे थे लेकिन हर बार उसके फॉर्म निरस्त कर दिए गए। पीड़िता ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनवाए जाने की मांग की। तहसीलदार अर्जुन सिंह ने बताया कि लेखपाल को भेज कर जांच कराई जाएगी तथा मुआवजा दिलाया जाएगा।
थानाभवन नगर के मोहल्ला चमड़ा पीठ में बारिश के चलते गिरा टीनशेड। संवाद