शामली। जिले में इस साल के मौसम में अब तक शनिवार सबसे ठंडा रहा। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस और रात के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। रात से लेकर सुबह तक कोहरा छाया रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन ठंड के आगे बेअसर रही। दिनभर लोग ठिठुरते रहे। अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा।
जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल रही है। रात में घना कोहरा छाया रहा और सुबह भी कोहरा छाया रहने से मौसम में ठिठुरन बनी रही। दोपहर में करीब 12 बजे हल्की धूप निकली और कुछ समय बाद फिर से सूर्यदेव बादलों में छिप गए। शाम को तीन बजे से फिर कोहरा छाना शुरू हो गया। ठंड के कारण लोग दिनभर ठिठुरते रहे। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों में लिपटकर सड़कों पर जाते दिखाई दिए। बच्चे और बुजुर्ग घरों में ही दुबके रहे। जिले के मौसम का हाल देखे तो शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की कमी आने पर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह तापमान इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान रहा है
ठंड के कारण कारोबार भी मंदा, सुबह शाम सूने हो रहे बाजार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है वैसे-वैसे बाजार भी ठंडे पड़ने लगे हैं। सुबह से शाम तक बाजारों में भीड़ नजर नहीं आती। वहीं, दुकानदार भी दुकानों बाहर खड़े होकर ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए।
शनिवार के दिन भी अधिक ठंड रही। ठंड के चलते शहर का कबाड़ी बाजार, बड़ा बाजार, नेहरू मार्किट, शिव चौक, वर्मा मार्किट, नया बाजार आदि स्थानों पर भीड़ नजर नहीं आई। ज्यादातर लोग अपने अपने घरों में दुबके नजर आए। वहीं, दुकानदार भी दुकानों के बाहर खड़े होकर ग्राहकों का इंतजार करते नजर आए। कुछ दुकानदारों से बात की तो रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान पर संदीप गर्ग ने बताया कि ठंड के कारण बिक्री आधी हो गई है। हालात यह है कि दुकान व दुकान पर लगे लोगों का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। रोहित गर्ग का कहना है कि सुबह 10 बजे दुकान खोली थी तीन घंटे हो गए है अभी तक काेई ग्राहक नहीं आया। वर्मा मार्केट की मोबाइल मार्किट में विनीत गर्ग और वैभव गर्ग ने बताया कि यदि धूप निकल जाती है तो ग्राहक नजर आते हैं। सर्दी में 20 ये 30 प्रतिशत तक की सेल कम हो गई है।