- पुलिस ने अज्ञात में दर्ज किया मामला, चाइनीज मांझे की चपेट में आकर कारपेंटर की गर्दन कटने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। कस्बा एलम बाईपास पर बुधवार शाम पतंग के घातक चीनी मांझे में उलझकर गंभीर रूप से घायल हुए कारपेंटर संजीव की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के गांव गोगवान निवासी युवक कुलदीप ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि बड़ा भाई संजीव (25) अपनी पत्नी मानसी के साथ ससुराल ग्राम इब्राहिमपुर माजरा, थाना रमाला, जनपद बागपत से बुधवार की शाम बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। जब वह शाम लगभग 6:30 बजे बाईपास एलम के नालाकट के बीच पहुंचा, तभी अचानक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उड़ाई जा रही पतंग का मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया। इस हादसे में संजीव की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। तत्काल उसे सरकारी अस्पताल कांधला ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। शामली के अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घायल के भाई कुलदीप ने इस घटना के संबंध में थाने जाकर तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुलदीप ने बताया कि इस लापरवाही से उसके भाई की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है
हादसे की खबर मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संजीव की पत्नी मानसी हादसे के सदमे में कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं है। संजीव के पिता इंद्रपाल और भाई कुलदीप ने प्रशासन से मांझे को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।