दिल्ली के संजय का था रेलवे लाइन पर मिला शव
शामली। रेलवे लाइन पर मिले युवक के शव की शनाख्त हो गई है। मृतक दिल्ली के थाना गोकलपुरी क्षेत्र के जौहरीपुर का रहने वाला था। वह दो दिन पहले घर से लापता हो गया था। परिजनों ने वहीं पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
थाना जीआरपी क्षेत्र में रविवार सुबह करीब छह बजे धीमानपुरा फाटक से आगे होम सिग्नल के पास रेलवे लाइन पर 26 वर्षीय युवक का शव मिला था। मृतक के पास से पर्स, एटीएम कार्ड, दिल्ली मेट्रो का ट्रैवलिंग कार्ड मिला था। शव के निकट ही खून से सना चाकू भी पुलिस को मिला था। पुलिस ने शव की शनाख्त के लिए दिल्ली व आसपास के थानों में सूचना भिजवाई गई थी। जीआरपी थाना प्रभारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि शव की शनाख्त संजय कुमार निवासी जौहरीपुर माता वाली गली थाना गोकलपुरी दिल्ली के रूप में उसके चाचा संजू और अन्य परिजनों ने शामली पहुंचकर की है। उनके साथ थाना गोकलपुरी पुलिस भी आई थी।
परिजनों ने बताया कि संजय 26 सितंबर की शाम करीब पांच बजे घर से गया था। उसके बाद घर नहीं लौटने पर थाना गोकलपुरी में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को अपने साथ ले गए हैं। युवक की गुमशुदगी पहले से दर्ज होने के कारण इस घटना की विवेचना थाना गोकलपुरी द्वारा ही की जाएगी।