गढ़ीपुख्ता/झिंझाना। अनलॉक-1 में देहात और कस्बों के धर्मस्थल भी खुल गए। श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले धर्म स्थल के परिसर सैनिटाइज कराए गए। कई स्थानों पर फायरब्रिगेड की गाड़ी से सैनिटाइज कराया गया। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की गाइड लाइन का पालन करते हुए सोशल डिस्टेंस का पालन किया।
कस्बा गढ़ीपुख्ता में प्राचीन शिव मंदिर में नगर पंचायत की तरफ से सैनिटाइज कराया गया। श्रद्धालुओं ने दूरी बनाकर पूजा अर्चना की। क्षेत्र के गांव हथछोया में खड़ेश्वरी शिव मंदिर में सोमवार सुबह साफ-सफाई हुई। मंदिर परिसर की धुलाई की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पहुंचकर सोशल डिस्टेंस के साथ पूजा अर्चना की। कस्बा झिंझाना में जैन स्थानक, महिला सत्संग भवन और पंचमुखी शिव मंदिर में सैनिटाइज कराया गया। फायरब्रिगेड की गाड़ी के साथ कर्मचारियों ने धर्म स्थलों के पूरे परिसर को सैनिटाइज किया। इसके बाद सुबह से श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों में कहीं पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं लगी। श्रद्धालु कम संख्या में मंदिरों में पहुंचे और एक दूसरे से दूरी बनाकर रखी गई।