कैराना (शामली)। आगरा में कस्बा कैराना के दो जमातियों के कोरोना संक्रमित मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों परिवार के सभी 11 सदस्यों के सैंपल लिए हैं।
कस्बा के एक मोहल्ले से दो जमाती 16 मार्च को निजामुद्दीन मरकज में गए थे। वहां से दोनों युवक जमात में आगरा चले गए थे। शुक्रवार को आगरा में जांच के दौरान दोनों जमाती कोरोना संक्रमित पाए गए। दोनों का उपचार आगरा के अस्पताल में चल रहा है। आगरा से जिले के स्वास्थ्य विभाग को दोनों जमातियों के संक्रमित होने की जानकारी मिली। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम दोनों जमातियों के घर पहुंची और उनके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई। स्वास्थ्य टीम ने एक परिवार के तीन और दूसरे परिवार के आठ सदस्यों की जांच के लिए सैंपल लिए और उन्हें क्वारंटीन में रहने की सलाह दी। सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि 16 मार्च को कैराना से गए दो जमाती आगरा में संक्रमित पाए गए। उनका उपचार वहीं चल रहा है। एहतियात के तौर पर दोनों के परिवार के 11 सदस्यों के सैंपल लिए गए है, जिन्हें जांच हेतु मेरठ भेजा जाएगा।