शामली के थानाभवन विधानसभा क्षेत्र सहित जिले की 20 से ज्यादा सड़कों की मरम्मत पर 7.21 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भाजपा विधायक सुरेश राणा के प्रस्तावों पर मरम्मत कार्यों पर खर्च होने वाली धनराशि को मंजूरी मिल गई है।
भाजपा विधायक सुरेश राणा ने बताया कि उन्होंने थानाभवन विधानसभा क्षेत्र और जिले भर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत तथा पुन: निर्माण के लिए विधानसभा में सवाल उठाया था। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखा था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग पश्चिमी क्षेत्र के मुख्य अभियंता को पत्र भेजा। विधायक ने बताया कि सड़कों की मरम्मत और पुन: निर्माण को मंजूरी मिल गई है। जल्दी ही मरम्मत कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
मरम्मत कार्य पूर्ण होने पर खासकर देहात क्षेत्र के संपर्क मार्गों की दशा सुधरेगी, जिससे जनता को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि 27 सड़कों की मरम्मत पर सात करोड़ 21 लाख रुपये खर्च होंगे, जिससे 54.30 किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत होगी।