शामली के कांधला में दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को घर से निकालने के प्रकरण में एक पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें महिला के पति सहित मामले में शामिल लोगों के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया।
साथ ही एसपी को पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने अपनी पुत्री की शादी छह साल पहले कस्बे के दूसरे मोहल्ले निवासी युवक से की थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के लिए विवाहिता को परेशान करने लगे। इस बीच पति के एक अन्य महिला से संबंध हो गए। परिजनों के साथ पति की प्रेमिका ने भी विवाहिता के साथ मारपीट की और विवाहिता को घर से निकाल दिया।
विवाहिता के पिता ने थाने में दामाद और उसकी प्रेमिका सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। मामले को लेकर मोहल्ला खैल में अंसारी समाज के लोगों की पंचायत हुई, जिसमें कैराना, शामली सहित कस्बे के लोगों ने भाग लिया। निर्णय लिया गया कि महिला को दहेज के लिए प्रताड़ित करने वाले लोगों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। एसपी शामली डॉक्टर अजय पाल शर्मा को शिकायती पत्र भेजकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई। समाज के लोगों ने कहा कि प्रत्येक समाज के लोगों को बुराई के लिए एक जुट होकर लड़ाई लड़ने का काम करना चाहिए।