शामली क्षेत्र के गांव कुडाना में विलाप करती मृतक की पत्नी पैरिस
- फोटो : SHAMLI
शामली। कुड़ाना गांव में रविवार सुबह दो बच्चों और पिता के शव पहुंचे तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। अर्थी उठने से पूर्व हंगामा खड़ा हो गया। परिजनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर अंतिम संस्कार कराया।
कुड़ाना निवासी सवित और उसके पुत्र सात वर्षीय लक्ष्य व पुत्री पांच वर्षीय लक्षी के शव शनिवार दोपहर झिंझाना के जंगल में निर्माणाधीन नलकूप पर मिले थे। सवित का शव रस्सी और केबल के सहारे लटका था। बच्चों के शव भी पास ही पड़े थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच-पड़ताल की तो पता चला कि सवित 29 नंवबर को पत्नी पेरिस से झगड़े के बाद बच्चों को लेकर घर से निकल गया था।
माना जा रहा है कि उसने बच्चों की गला दबाकर हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस ने तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए थे। रविवार सुबह तीनो शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे तो परिजनों के करूण रूदन से गांव गूंज उठा। ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गई। तीनों शव जब अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे थे, तभी विवाद हो गया। सवित के भाईयों व अन्य परिजनों ने उसकी पत्नी पेरिस को तीन मौतों का जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा कर दिया। महिलाओं ने भी पेरिस को खरी-खरी सुनाई। जिसके बाद पेरिस और उसके परिजनों ने भी सवित के परिजनों को भला-बुरा कहा। पेरिस ने सवित पर अनैतिक कार्य के लिए दबाव बनाने का आरोप तक लगा दिया।
हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी तरह परिवार के लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। जिसके बाद पिता और दोनों बच्चों की अंतिम यात्रा शुरू हुई। गमगीन माहौल में तीनों का अंतिम संस्कार किया गया। वहीं इस मामले में सवित के भाई मोनू की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चों की हत्या कर आत्महत्या करने का खुलासा
शामली। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने माना था कि सवित ने अपने दोनों बच्चों की गला दबाकर पहले हत्या की और फिर खुद फांसी पर लटक गया। रविवार को एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सवित की लटकने से दम घुटने से मौत होना आया है। दोनों बच्चों लक्ष्य और लक्षी की मौत गला दबाने से होना आया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात पुष्ट हुई है कि सवित ने अपने दोनों बच्चों की पहले हत्या की और फिर फांसी पर लटककर आत्महत्या की है।