शामली। जिले के उद्यमियों ने औद्योगिक आस्थान के विकास के लिए पांच करोड़ एक लाख 90 हजार रुपये की धनराशि शासन से अवमुक्त कराने की मांग की। इस बाबत प्रदेश औद्योगिक विकास प्रोत्साहन एवं निर्यात मंत्री नंद गोपाल नंदी को ज्ञापन दिया।
लघु उद्योग भारती के चेयरमैन अंकित गोयल के नेतृत्व में उद्यमियों ने अयोध्या में लघु उद्योग भारती के शनिवार को आयोजित सम्मेलन में प्रदेश औद्योगिक विकास प्रोत्साहन निर्यात मंत्री नंद गोपाल नंदी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अवगत कराया कि शामली औद्योगिक आस्थान की स्थापना वर्ष 1983 में हुई थी, जिसमें जिला उद्योग केंद्र की ओर से 42 शेड प्लांट आवांटित किए गए थे।
मौजूद समय में औद्योगिक क्षेत्र में 120 से अधिक औद्योगिक इकाइयां विकसित हो चुकी हैं। 42 सालों में शामली औद्योगिक आस्थान का सीमा क्षेत्र नहीं बढ़ाया गया है, जिससे औद्योगिक क्षेत्र का विकास नहीं हो पा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र का सीमा विस्तार करने और औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए पांच करोड एक लाख 90 हजार रुपये की धनराशि अवमुक्त कराने, औद्योगिक क्षेत्रो में नवीन नाले का निर्माण के लिए धनराशि आवांटित करने की मांग की है।