शामली। नॉर्थ जोन स्कूल गेम्स प्रतियोगिता के दौरान ताइक्वांडो में रॉक गोल्ड की टीम ने दबदबा बनाया। रॉक गोल्ड एकेडमी में चल रही प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य अतिथि एआरटीओ मोहम्मद कय्यूम रहे। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता है।
कड़ी मेहनत और लगन से सफलता जरूर मिलती है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि मोहम्मद कय्यूम तथा प्रधानाचार्य मनोज चौधरी ने सर्टिफिकेट और ट्राफी देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं में खो खो में देवी उमरा कौर इंटर कॉलेज बनत ने प्रथम, दिल्ली की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
जूनियर वर्ग में प्राइड एकेडमी डांगरोल ने ट्राफी पर कब्जा जमाया। वहीं, सीनियर वर्ग में संभल से आई टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ताइक्वांडो में रॉक गोल्ड एकेडमी की टीम ने कब्जा लिया। वहीं, सिल्वर बेल्स की टीम ने एथलेटिक्स में ट्राफी जीती।
इस दौरान शुभम जावला, अमन जावला, वैष्णवी वालिया, नबील खान, अनमोल गहलोत, रिजवान, पुष्कर, वाषु वर्मा, दानिश चौधरी ने अपने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीते। विद्यालय प्रबंधक सुनील गोयल, शिखर गोयल, आयोजक इमरान चौधरी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन वासु भवरा ने किया।