शामली पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमरजीत ने बताया कि वह बैंक से रुपये लेने पूरी प्लानिंग के साथ गया था। जिसके लिए उसने दो तमंचे लिए थे। अब यदि वह लूट के बाद घिर जाता तो एक तमंचे से मैनेजर या फिर अन्य की हत्या करता, जबकि दूसरे तमंचे से आत्महत्या कर लेता।
कर्जा चुकाने के लिए ट्रक मालिक से बन गया अपराधी
एक्सिस बैंक में लूट करने वाला आरोपी दो ट्रकों का मालिक है। एक ट्रक उसने साझे में खरीदा था, जबकि दूसरा अकेले लिया था। ट्रकों में लगातार घाटा होने के कारण उस पर 20 लाख रुपये का कर्जा हो गया था। ट्रकों में नुकसान की भरपाई और कर्जा उतारने के लिए वह अपराधी बन गया।
डीआईजी अजय साहनी ने पूछताछ के आधार पर बताया कि अमरजीत ने 2018 में अपने गांव के गुलशन के साझे में 18 टायरा ट्रक खरीदा था। ट्रक में घाटा होने पर गुलशन साझेदारी खत्म कर अपना हिसाब करने का दबाव बना रहा था। इसके बाद 2024 में उसने एक और 18 टायरा ट्रक खरीदा था। एक माह बाद ही राजस्थान के जोधपुर में ट्रक से एक्सीडेंट हो गया। इससे ट्रक की दो-तीन माह की किस्त रुक गई। उसने अपने भाई, रिश्तेदार व गांव के अन्य लोगों से रुपये उधार लेकर कामकाज आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन उसे नुकसान पर नुकसान होता चला गया और वह कर्ज में डूबता चला गया।
लूट के बाद नलकूप और रात में पहुंचा घर
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि आरोपी जमीन को ठेके पर लेकर खेती भी करता है। लूट की वारदात करने के बाद वह बाइक से गांव के पास गन्ने के खेत में पहुंचा। वहां उसने रकम से भरा बैग और पहने हुए कपड़े छिपाकर दूसरे कपड़े पहने और देर रात में घर चला गया। इसके बाद वह वहां से कपड़े व बैग उठाकर घर ले गया और रुपये अलमारी में रख दिए थे। इसके बाद से वह खेत में और घर पर ही रहा।
मैनेजर ने नौकरी जाने का खतरा बताया तो निकाले थे तमंचे
लुटेरे ने पूछताछ में बताया कि जब वह 40 लाख रुपये लेकर चलने लगा तो मैनेजर ने उससे कहा कि इस तरह रकम लूटे जाने की घटना पर बैंक के अधिकारी यकीन नहीं करेंगे और उनकी नौकरी खतरे में पड़ जाएगी। इसके बाद लुटेरे ने दो तमंचे निकाले और उनकी तरफ तान दिए। इसके बाद मैनेजर व कैशियर के हाथ ऊपर करके गेट तक ले गया और फरार हो गया। हालांकि मैनेजर का कहना है कि उन्होंने लुटेरे को इस तरह की कोई बात नहीं कही थी।