बनत के पास हादसे के बाद बस से उतरते श्रद्धालु। नागरिक
- 52 कांवड़िये, स्कूल प्रधानाध्यापक व महिला स्टाफ सुरक्षित, दो घंटे बाद दूसरी बस से रवाना हुए श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के गांव बनत के पास मंगलवार को तेज बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा बच गया। हरियाणा रोडवेज की कांवड़ियों से भरी बस फिसलकर एक निजी कार से टकरा गई। हादसे के समय बस में 52 कांवड़िये सवार थे, जबकि कार में एक पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक और महिला स्टाफ मौजूद था। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कार क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार हरियाणा रोडवेज की बस हरियाणा से कांवड़ियों को लेकर हरिद्वार जा रही थी। इसी दौरान बनत के पास तेज बारिश के बीच चालक का संतुलन बिगड़ गया और बस सामने चल रही पब्लिक स्कूल के प्रधानाध्यापक अतुल कुमार की निजी कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सभी लोग सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह और सीओ सदर जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यातायात सामान्य कराया और रोडवेज बस को अपने कब्जे में ले लिया।
बस के कब्जे में लिए जाने के कारण 52 कांवड़ियों को कुछ समय तक सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा। करीब दो घंटे बाद हरियाणा रोडवेज की दूसरी बस मौके पर पहुंची, जिसके जरिए सभी श्रद्धालुओं को हरिद्वार के लिए रवाना किया गया।
जांच अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।