शामली। अब जिला मुख्यालय पर रोडवेज बस अड्डा बनाने की कवायद शुरू हो गई है। तीन एकड़ भूमि खरीदकर शामली में रोडवेज का नया बस स्टेशन बनाया जाएगा।
करीब 50 साल से रोडवेज बस स्टेशन शामली में अजंता चौक पर नगर पालिका परिषद की किराये की भूमि में चल रहा है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्वतंत्र देव सिंह शामली आए, तो व्यापारी, उद्यमी और भाजपाइयों ने उन्हें ज्ञापन देकर शामली के बाहर नया बस अड्डा बनवाने की मांग की थी। इस पर राज्यमंत्री ने सहारनपुर क्षेत्र परिवहन निगम के रीजनल मैनेजर को नया बस अड्डा बनवाने के लिए प्रक्रिया शुरू कराने का निर्देश दिया था।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम सहारनपुर मंडल के रीजनल मैनेजर जेएन सिंह ने बताया कि परिवहन मंत्री के निर्देश पर शामली में नया रोडवेज बस अड्डा बनाया जाएगा। इसके लिए तीन एकड़ भूमि खरीदी जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह को पत्र भेजकर तीन एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने के लिए अनुरोध किया गया है। उधर, डीएम का कहना है कि अभी इस बारे में पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।