नहीं हुई रालोद-सपा की संयुक्त बैठक
शामली। अजित सिंह के निधन के कारण रालोद-सपा की शनिवार को होने वाली संयुुक्त बैठक नहीं हो पाई। जिस कारण जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रत्याशी घोषित नहीं हो पाया। रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. योगेंद्र चेयरमैन के मुताबिक रविवार को बैठक होने की संभावना है।
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधीर पंवार का कहना है कि सपा की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष पर वार्ड एक से अंजली को लड़ाने का निर्णय लिया जा चुका है। रालोद की ओर से इस प्रत्याशी पर अपना निर्णय लिया जाना है। समाजवादी पार्टी ने अध्यक्ष पद जिताने के लिए प्रयास तेज कर दिए है। रालोद-सपा भाजपा के मुकाबले जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ेगी। इसलिए समाजवादी पार्टी भाजपा द्वारा जोड़ तोड़ से मधु चौहान को अध्यक्ष पद पर बैठाने का विरोध करेगी।
सपा के जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि वे रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह तथा निर्दलीय प्रत्याशियों से संपर्क किया है, उनसे हुई बातचीत के आधार पर विश्वास के साथ कहा जा सकता है कि संयुक्त प्रत्याशी को बहुमत से अधिक वोट मिलेंगे। उधर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से मधु गुर्जर को प्रत्याशी बनाया जा चुका है। तीन दिन पूर्व भाजपा की कोर कमेटी की बैठक पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह के जसाला आवास पर हो चुकी है। पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद टीम लीडर की कमान प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा संभाल सकते हैं। जल्द ही गन्ना मंत्री सुरेश राणा लखनऊ से जिले के दौरे में आने वाले हैं।