डीएम-एसपी ने हॉटस्पॉट क्षेत्रों में व्यवस्थाएं देखीं
शामली। डीएम जसजीत कौर व एसपी सुकीर्ति माधव ने शहर के हॉटस्पॉट क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शनिवार को दोनों अधिकारियों ने शामली के दयानंद नगर में बुढ़ाना रोड, नाला पटरी गली नंबर दो , बुढ़ाना रोड आर्यपुरी, तैमूरशाह दिल्ली रोड, झिंझाना रोड टीचर्स कॉलोनी गली नंबर चार व पांच, काका नगर, विवेक विहार, रेलपार गली नंबर पांच, राजो मोहल्ला, गणेश चौक, काका नगर नई टंकी के सामने आदि में नगरपालिका द्वारा बैरिकेडिंग कर बनाए गए हॉटस्पॉट क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए कहा कि जहां पर एक से अधिक कोरोना केस है वहां पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था दुरुस्त हो और किसी का आवागमन न हो।
इसके लिए वहां पर एक पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई जाए, जिससे हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सख्ती से पालन हो सके। उन्होंने एसडीएम सदर संदीप कुमार को निर्देशित किया कि एक से अधिक केस वाले स्थान चिह्नित कर वहां पर सख्ती बरती जाए। हॉटस्पॉट क्षेत्र में दुकान खोली जाने पर चालान किए गए और उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि इसके बाद लापरवाही बरती गई तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसके बाद डीएम व एसपी ने कैराना क्षेत्र का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान एसडीएम सदर संदीप कुमार, नगर पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।