शामली। तीन दिन पहले मुठभेड़ में मारे गए इनामी बदमाश रिहान के मोबाइल फोन की पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही है। सर्विलांस टीम कॉल डिटेल के आधार पर रिहान के गिरोह के सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है। उधर, स्वाट टीम गिरोह के बदमाशों की तलाश में लगी है।
शहर कोतवाली और आदर्श मंडी थाना पुलिस के साथ कसेरवा जाने वाले मार्ग पर बृहस्पतिवार रात को मुठभेड़ में दिल्ली के न्यू ओखला निवासी 50 हजारी बदमाश रिहान मारा गया था।
पुलिस के मुताबिक रिहान कैराना याहिया गैंग से जुड़कर शामली में अपराध कर रहा था।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि रिहान के कब्जे से लूट के दो मोबाइल फोन के अलावा एक और मोबाइल मिला है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर सर्विलांस सेल जांच में जुटी है।
कॉल डिटेल से उसके संपर्क में रहने वाले संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। उधर, स्वाट टीम मुठभेड़ के दौरान मौके से भागे बदमाश और गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी है।