शामली। अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे के तहत गंदेवड़ा संगम के पास पूर्वी यमुना नहर पर बनने वाले उपरिगामी पुल (ओवरब्रिज) के निर्माण के लिए एक मई से 30 मई तक नहर का पानी रोकने हेतु सिंचाई विभाग से अनुमति मांगी गई है।
121 किलोमीटर लंबाई वाले इस एक्सप्रेसवे के प्रथम चरण में हरियाणा के करनाल से लेकर सहारनपुर के गंगोह होते हुए शामली जिले के थानाभवन क्षेत्र के गोगवान जलालपुर तक अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। केवल गंदेवड़ा संगम पर पूर्वी यमुना नहर का पुल और थानाभवन-जलालाबाद के बीच रेलवे का छह लेन उपरिगामी पुल सहित कुछ स्थानों पर कार्य शेष है।
प्रोजेक्ट मैनेजर हिमांशु चौधरी के अनुसार एक्सप्रेसवे का करीब 65 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। सहारनपुर और शामली जिले के हिस्से में प्रथम चरण का कार्य 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि गंदेवड़ा संगम से शामली की ओर पूर्वी यमुना नहर पर छह लेन उपरिगामी पुल निर्माण के लिए सिंचाई विभाग से एक मई से 30 मई तक पानी रोकने का अनुरोध किया गया है। पानी का ब्लॉक मिलते ही पुल निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाएगा।