शामली। गणतंत्र दिवस पर प्रदेश भर में अलर्ट जारी है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के चलते इस बार खास सतर्कता बरतने को कहा गया है। इस अलर्ट का जिले में कितना अमल है इसकी पड़ताल के लिए अमर उजाला ने शहर में कई जगहों की पड़ताल की। इसमें शहर में अधिकांश जगहों पर पुलिस मुस्तैद नजर आई। एएसपी खुद डॉग स्क्वॉड लेकर रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर चेकिंग करते नजर आए। पेश है एक रिपोर्ट..
पूर्वाह्न 11 बजे : रेलवे स्टेशन
रेलवे स्टेशन पर एएसपी राजेश श्रीवास्तव के साथ थाना आदर्श मंडी कर्मवीर सिंह, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर और जीआरपी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाया। रेलवे स्टेशन और ट्रेन में संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई और उनके सामान बैग आदि चेक किए, यात्री भी नहीं समझ पाए कि आखिर क्या माजरा है। करीब 40 मिनट तक स्टेशन और आसपास का पूरा परिसर खंगाला गया, लेकिन कहीं कोई आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। यात्रियों को बाद में पता चला कि गणतंत्र दिवस की वजह से ये चेकिंग हो रही है।
दोपहर 11.55 बजे : विजय सिनेमा
शहर के विजय चौक पर दो तीन पुलिस वाले और यातायात पुलिस कर्मी खडे़ थे। सामने विजय सिनेमा में कुछ हलचल थी। पूछने पर पता चला कि यहां पहुंची टीम सिनेमा हॉल के अंदर डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचकर चेकिंग कर रही है। सिनेमा में अंदर उस समय करीब 13 लोग थे। पुलिस टीम ने संदिग्ध लोगों की तलाशी ली और उनके बैग चेक किए। करीब 15 मिनट तक सिनेमा की गहनता से जांच पड़ताल की गई।
दोपहर 12.10 बजे : प्राइवेट कैराना बस स्टैंड
एएसपी के साथ पुलिस टीम कैराना प्राइवेट बस स्टैंड पर पहुंची और वहां पर खड़ी प्राइवेट बस की तलाशी ली। डॉग स्क्वॉड से भी बसों की जांच की गई। बस स्टैंड पर खड़े यात्रियों की तलाशी ली गई। करीब 10 मिनट तक जांच पड़ताल की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कैराना रोड पर मार्केट में घूमकर डॉग स्क्वॉड के साथ तलाशी ली। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड, होटल, धर्मशाला, चौराहों पर भी इसी तरह तलाशी और चेेेकिंग अभियान चलाया गया।
दोपहर एक बजे : एसटी तिराहा
एसटी तिराहा पुलिस चौकी पर इंचार्ज एसआई अनिल कुमार पुलिसकर्मियों के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। प्राइवेट बस को रोककर उसकी जांच की गई। चार-पांच युवकों को बस से नीचे उतारकर उनकी तलाशी ली और उनके बैग चेक किए। इसके अलावा कार को रोककर उसकी डिग्गी की तलाशी ली। कार के अंदर सीट के नीचे भी जांच की गई। इसी तरह अन्य वाहनों की भी चेकिंग की गई।
दोपहर दो बजे : मुजफ्फरनगर अड्डा
दोपहर में दो बजे मुजफ्फरनगर अड्डे के पास रोड पर जाम के हालात थे। काफी यात्री बस के इंतजार में भी खड़े थे लेकिन यहां पर कोई भी पुलिस कर्मी नहीं आया। यहां पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आए । यह शहर के बीचों बीच पड़ता है।
कोट
पूरे जनपद में चेेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारियों को चेकिंग करने के निर्देश दिए गए है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशाला, होटल सहित सभी स्थानों पर नजर रखी जा रही है। जनता से अनुरोध है कि अगर कहीं पर कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी पुलिस को तुरंत सूचना दें। - विनीत जायसवाल, एसपी शामली
शामली रेलवे स्टेशन पर चैकिग करते एएसपी व पुलिसकर्मी- फोटो : SHAMLI
शामली रेलवे स्टेशन पर डॉग स्कावयड से बसो की चैकिंग करते पुलिसकर्मी- फोटो : SHAMLI