मारपीट, फायरिंग में आठ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
चौसाना। ऊदपुर में उत्पात मचाने की घटना में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद सहित आठ लोगों पर गैरइरादातन हत्या सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी, लेकिन कोई पकड़ में नहीं आ सका।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव ऊदपुर में मंगलवार की शाम कुछ आरोपियों ने प्रेमपाल सिंह के घर में घुसकर उसके पुत्र शुभम व पत्नी बाला के साथ जमकर मारपीट की थी। आरोप है कि पीड़ित परिवार ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन कोई मदद को नहीं आ सका। आरोपियों ने घर में लूटपाट का प्रयास किया और घर में रखी दो लाख की नकदी उठा ली। उसी दौरान ग्रामीणों के एकत्र हो जाने के कारण आरोपी घबरा गए और भागते समय रुपये वहीं गिर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और पीडित प्रेमपाल सिंह की तहरीर पर सीटू, दीपक, हरपाल निवासी ऊदपुर, हर्ष निवासी किरठल जिला बागपत के नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उधर, पीड़ित परिवार घटना के बाद से सहमा हुआ है। आरोप है कि गांव में उत्पात मचाने के बाद आरोपियों ने देर रात्रि पीड़ित के खेत पर जाकर पानी की पाइपलाइन व खेत में बने कमरे में भी तोड़फोड़ कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया। उधर, चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए कई बार दबिश दी गई, लेकिन कोई नहीं मिला। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।