शामली। शामली कलाकार मंडल ने डीएम को दिए ज्ञापन में पंजाबी कालोनी में नौ माह पहले हुए भजन गायक अजय पाठक परिवार हत्याकांड के आरोपी को जमानत न देने और कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
मंगलवार को शामली कलाकार मंडल ने कलक्ट्रेट में डीएम जसजीत कौर को ज्ञापन दिया। इसमें पंजाबी कालोनी में 30 दिसंबर 2019 की रात भजन गायक अजय पाठक, पत्नी स्नेहलता, बेटी वसुंधरा और बेटे भागवत की जघन्य हत्या करने वाले आरोपी हिमांशु सैनी निवासी गांव झाड़खेड़ी थाना कैराना को कोर्ट से जमानत न दिए जाने की मांग रखी। कलाकारों ने कहा कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही राष्ट्रपति से भी अपील की गई कि आरोपी को फांसी की सजा सुनाई जाए, ताकि फिर से कोई अपराधी दोबारा ऐसा वीभत्स कांड करने के बारे में सोच भी न सके। ज्ञापन देने वालों में उपेंद्र द्विवेदी, लाल सिंह, दिनेश धीमान, संजीव कुमार, कृष्णकांत कपूर, बंटी, संजीव कुमार, रमेश चंद, पंडित कुलदीप शास्त्री, दीपक शर्मा, रमेशचंद आदि मौजूद रहे।
विदित हो कि चौहरे हत्याकांड के आरोपी हिमांशु ने अधिवक्ता के माध्यम से जिला एवं सत्र न्यायालय में जमानत के लिए अर्जी लगाई है। कोर्ट ने जमानत अर्जी पर तीन अक्तूबर को सुनवाई की तारीख दी है। उधर, अजय पाठक के भाई हरिओम पाठक ने सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल कर सामाजिक, राजनैनिक और धार्मिक संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने स्तर से डीएम को ज्ञापन देने के साथ राष्ट्रपति से अपील करें कि हत्यारोपी को न्यायालय से जमानत न मिले और और उसे कड़ी सजा दी जाए।