पेट्रोल पंप पर लूट के मामले में रिपोर्ट दर्ज
शामली। बाइक सवार तीन बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर लूट और सराफ की दुकान में लूट का प्रयास करने की घटना में पुलिस ने अलग-अलग दो मुकदमे दर्ज किए हैं।
शहर के मंडी गांधी गंज निवासी सुभाष गोयल की मंडी जवाहरगंज गेट के निकट गेंदामल मार्केट में सराफ की दुकान है। शनिवार शाम करीब सवा छह बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकान में घुसकर सराफ सुभाष गोयल व उनके बेटे मनीष गोयल को तमंचे से आतंकित करते हुए सामान और थैला देने की मांग की थी। उसी दौरान बाहर से सराफ का नौकर संजीव पहुंच गया। नौकर को देखकर बदमाश हड़बड़ा गए और तमंचे से हवाई फायर करते हुए बाइक से फरार हो गए थे। पीड़ित सराफ ने पुलिस को अज्ञात में तीन बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी। शहर कोतवाली पुलिस ने देर रात अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया।
इस घटना के बाद शनिवार रात ही करीब नौ बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव सिंभालका के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर पांच कर्मचारियों सुभाष, बिल्लू, मोहित, सोनू और सचिन को तमंचे के बल पर केबिन में बंधक बना लिया था और मारपीट करते हुए रकम लूट ली थी। इसके बाद बदमाश हवाई फायर करते हुए बाइक से फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दोनों वारदातों में एक ही बदमाशों का शामिल होने का दावा किया था। पेट्रोल पंप मालिक अशोक कुमार निवासी शाहदरा की तरफ से शहर कोतवाली में कर्मचारियों से 26 हजार रुपये लूटने की तहरीर दी। पुलिस ने पंप मालिक की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि दोनों घटनाओं में मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात में बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।