12 और कोरोना पॉजिटिव मिले, 22 हुए ठीक
शामली। जिले में 12और कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं, जबकि 22 व्यक्ति स्वस्थ हो गए। जिले में अब सक्रिय केस की संख्या घटकर 119 हो गई है।
रविवार को आई सैंपलों की जांच रिपोर्ट में शहर के भैंसवाल रोड पर 34 वर्षीय युवक, दयानंद नगर में 28 वर्षीय युवक, शिवगंज मंडी में 23 वर्षीय युवक और 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। चौधरी चरणसिंह कॉलोनी में 37 वर्षीय युवक व 65 वर्षीय व्यक्ति और कांबोज कॉलोनी में 31 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया गया। गांव बंतीखेड़ा में एक साल का बालक और 12 वर्षीय किशोर के सैंपल की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। गांव सोंटा में 23 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि जिले में 12 कोरोना पॉजिटिव के नए केस मिले हैं। 22 व्यक्ति स्वस्थ हो गए। जिले में सक्रिय केस की संख्या अब 119 हो गई है।
137 लोगों के सैंपल लिए
कैराना। ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग ने बताया कि रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएचसी व अरबन क्षेत्र में रैंडम सेंपलिंग अभियान के तहत 137 लोगों के सैंपल लिए। इस दौरान एंटीजन किट से 81 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। आरटीपीसीआर किट से 56 लोगों के सैंपल लेकर लैब में भेजे गए हैं।