शामली। शहर कोतवाली के मोहल्ला धर्मपुरा में कार में ई रिक्शा की साइड लगने को लेकर हुई कहासुनी के बाद घर में घुसकर हमला करने के मामले में पांच नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार शाम को मोहल्ला धर्मपुरा में कार में ई रिक्शा की साइड लगने को लेकर कहासुनी हो गई थी। ई-रिक्शा सवार लोगों ने कार चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की कोशिश की थी। कार सवार महिलाएं व युवती मोहल्ला धर्मपुरा में जवाहर सिंह निर्वाल की भतीजी की शादी में शामिल होने आए थे। उस समय तो मामला जैसे तैसे शांत हो गया था। आरोप है कि बाद में 15-20 लोगों ने जवाहर सिंह के घर में घुसकर हमला कर दिया था और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने कई युवकों को हिरासत में ले लिया था। इस मामले में जवाहर सिंह निर्वाल ने कोतवाली में रियासत, वाजिद, सादाब, साजिद और 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुसकर हमला करने की तहरीर दी थी। कोतवाल ने बताया कि देर रात में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। नामजद चार आरोपी रियासत, वाजिद, सादाब और साजिद को गिरफ्तार कर लिया है।