झिंझाना थाने में पुलिसकर्मियों से वार्ता करते दुकानदार।
- फोटो : SHAMLI
झिंझाना/ऊन। कस्बे में लगने वाली साप्ताहिक पैंठ को लेकर दुकानदार और पैंठ दुकानदार आमने-सामने आ गए हैं। व्यापारियों के विरोध के चलते पुलिस ने अगले सोमवार से केवल अफसरों की अनुमति के बाद ही पैंठ लगने की बात कह दी है। इससे नाराज पैंठ दुकानदारों ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
कस्बे में सोमवार को साप्ताहिक बंदी के दिन बिड़ौली बस स्टैंड पर बाहर से आने वाले दुकानदार रहेड़ी ठेलों के अलावा पटरी लगाकर घरेलू सामान बेचते चले आ रहे हैं। मगर कस्बे के व्यापारियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद संगल के नेतृत्व में थाना प्रभारी से मिलकर सोमवार को लगने वाली पैंठ बाजार को बंद कराने की मांग की थी। सोमवार को पैंठ में दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने थाने के बाहर प्रदर्शन कर कार्यवाहक थाना प्रभारी से मिलकर अपनी दुकानें लगाने को कहा। कार्यवाहक थाना प्रभारी ने बताया कि पैंठ लगाने के लिए सक्षम अधिकारी से स्वीकृति लेकर आओ, पुलिस किसी को परेशान नहीं करेगी। जिस पर सभी पैठ दुकानदारों ने एसडीएम ऊन से मिलकर उनको प्रार्थनापत्र देकर पैंठ लगाने की स्वीकृति देने की मांग की है। एसडीएम ऊन गौरव सिंह से बात करने पर उन्होंने बताया कि प्रार्थनापत्र के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई होगी। मौके पर सफीक अंसारी कैराना से, अखलाक व रमेश मुजफ्फरनगर से, गुलवीर सिंह, विनोद, गुड्डू कुमार, काला, दिनेश बनत से रमजानी, सलीम, साजिद कैराना, हारून मुंडेट, मोनू मुजफ्फरनगर, संदीप बुढ़ाना, अजमेर सिक्का, सादिक, सद्दाम राजेश खतौली आदि रहे।