हसनपुर लुहारी गांव का एक युवक सऊदी अरब में फंसा है। उसने वीडियो भेजकर एजेंट पर नौकरी के नाम पर धोखा देने का आरोप लगाया है। कहना है कि उसे कार चालक की नौकरी दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन उससे रेगिस्तान में ऊंटों की रखवाली का काम कराया जा रहा है। युवक ने खुद को वापस देश बुलाने की गुहार लगाई है।
हसनपुर लुहारी निवासी अरुण की ओर से बृहस्पतिवार को दो मिनट 31 सेकेंड और दो मिनट 20 सेकेेंड की दो वीडियो भेजी गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन वीडियो में वह गले में साफा पहनकर एक रेगिस्तान में घूम रहा है। बता रहा है कि उसे गांव के दो एजेंट ने 40 दिन पहले सऊदी अरब में एक परिवार की कार चलाने के लिए भेजा था। मगर यहां लाकर उसे रेगिस्तान में ऊंटों को चराने और उनकी रखवाली करने के काम में फंसा दिया। बताया कि जिस स्थान पर उसे रखा गया है वहां दूर-दूर तक शहर नहीं है। साथ ही गर्मी इतनी कि रात को भी गीला कपड़ा ओढ़ना पड़ता है। उसका वहां गर्मी में बुरा हाल है। उसके साथ रहने वाला सूड़ान का एक युवक गर्मी के कारण बेहोश हो गया था। अरुण ने बताया कि मालिक ने उसे 60 से 70 ऊंटों की रखवाली करने का काम दिया है। साथ ही कहा कि यदि एक ऊंट भी गुम हो गया तो उससे सऊदी अरब के तीन लाख रुपये वसूले जाएंगे। उसकी चप्पल टूटी हुई है। उसके पास चप्पल ठीक कराने तक के भी पैसे नहीं है।
मेरे बेटे को सऊदी अरब में भेजकर फंसा दिया है। तीन दिन पहले बेटे ने घर फोन कर अपनी परेशानी बताई और उनसे कहा उसे कैसे भी करके वापस बुला लो। बेटे की हालत से पूरा परिवार परेशान है। हमें समझ नहीं आ रहा कि हम क्या करें। - महिपाल सिंह, अरुण के पिता।
सऊदी अरब में हसनपुर लुहारी के युवक के फंसने के मामले में अब तक परिजनों की ओर से कोई सूचना या मदद की मांग नहीं की गई है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से मामले की जानकारी लेगी, इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। - सुरेंद्र यादव, सीओ थानाभवन।