कांधला। थानाक्षेत्र के एक गांव में महिला ने जेठ के लड़के पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाए अभद्र व्यवहार किया और हवालात में बंद करने की धमकी दी।
सोमवार दोपहर को कांधला क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला पति के साथ कांधला थाने पहुंची। बताया कि रविवार दोपहर को वह घर पर अकेली थी। उसी समय उसके जेठ का लड़का घर में घुस गया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। शाम को उसका पति घर पहुंचा तो उन्हें घटना की जानकारी दी। आरोप लगाया कि पुलिस को तहरीर देने के बाद भी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। थाना प्रभारी ने रिपोर्ट दर्ज करने से इंकार कर दिया और अभद्र व्यवहार करते हुए हवालात में बंद करने की धमकी दी। इस मामले में थाना प्रभारी संजीव विश्नोई ने बताया कि पीड़ित पक्ष के साथ अभद्र व्यवहार करने और हवालात में बंद करने की धमकी देने का आरोप निराधार है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि थाने में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। इस मामले में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक को निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। पीड़ित पक्ष के साथ अभद्र व्यवहार और थाने से भगाने के आरोपों की जांच सीओ कैराना राजेश कुमार तिवारी को सौंपी गई है।