रक्षा बंधन पर शामली में जान जोखिम में डालकर प्राइवेट बस की छत पर यात्रा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। भाई-बहन के प्यार का त्योहार रक्षाबंधन धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों के कलाई पर राखी बांधकर मिठाई खिलाकर उनके सुखद भविष्य की कामना की है। रक्षाबंधन पर जबरदस्त भीड़ उमड़ जाने से शहर में पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। शहर के गुरुद्वारा फाटक से शामली रोडवेज बस अड्डे तक आने में दो घंटे का समय रोडवेज बसों को लगा है।
बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर अपनी रक्षा का वचन लिया । वहीं भाइयों ने बहनों को उपहार देकर विदा किया। इस दिन घरों में नए-नए पकवान बनाए गए। पूरे दिन शहर के विजय चौक से लेकर फव्वारा चौक, वीवी इंटर कॉलेज रोड, हनुमान रोड, धीमानपुरा रोड पर ज्यादा ट्रैफिक आने से शामली- करनाल, मेरठ- शामली, दिल्ली- सहारनपुर मार्ग, पानीपत-खटीमा मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही। जाम खुलवाने के लिए पुलिस की व्यवस्था फेल हो गई। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम शामली रोडवेज बस अड्डे के अधीक्षक राजेंद्र चौहान ने बताया कि सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की ओर से भारी- हलके वाहनों के आने से रोडवेज की बसों को एसटी तिराहे से रेलपार- बुढ़ाना रोड होकर शामली बस अड्डे आने में दो घंटे का समय लगा है।