शामली। भारतीय किसान यूनियन और भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा सहित कई संगठनों ने किसान दिवस का बहिष्कार कर दिया है। कहा कि किसान दिवस में बैठकर अधिकारी जो वादा करते हैं, वह कभी पूरे नहीं होते। ऐसे में किसान दिवस महज दिखावा हो गए हैं।
बुधवार को शामली नगरपालिका परिषद के सभाकक्ष में किसान संगठनों की मीटिंग हुई। उसमें भारतीय किसान यूनियन और भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा सहित अन्य किसान संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजवीर सिंह मुंडेट ने कहा कि पूर्व में जितनी बार भी किसान दिवस हुए, उन सभी में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठा।
मिल मालिकों के खिलाफ प्रशासन ने एफआईआर भी दर्ज कराई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई ना होने की वजह से किसानों का करोड़ों रुपया मिल मालिक दबाए बैठे हैं। यहां तक कि जिलाधिकारी भी अपनी जिम्मेदारी ठीक से निर्वाह नहीं कर रहे हैं।
भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार ने कहा कि अधिकारियों के अडयिल रवैये के कारण ही किसान का बुरा हाल है। किसान नेता अनिल मलिक ने कहा कि
किसान दिवस में औपचारिकता निभाने के बाद किसानों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। इसी के चलते किसान दिवस का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है। सभी लोगों ने एक सुर में कहा कि किसान दिवस में नहीं जाएंगे।
इस दौरान राजवीर सिंह मुंडेट, कुलदीप पंवार, अनिल मलिक, विनोद निर्वाल, जिला पंचायत सदस्य मास्टर जाहिद, जसवीर सिंह, संजय कुमार और मनोज कुमार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।