इस माह के अंत तक लोनी से शामली तक रेलवे विद्युतीकरण कार्य होगा पूरा
शामली। लोनी से लेकर शामली तक इसी माह रेलवे विद्युतीकरण कार्य पूरा हो जाएगा। होली से पूर्व उत्तर रेलवे के सुरक्षा आयुक्त शैलेंद्र पाठक लोनी से लेकर शामली तक स्पेशल ट्रेन से रेलवे विद्युतीकरण का निरीक्षण करके अपनी रिपोर्ट उत्तर रेलवे बोर्ड को भेजेंगे। रेलवे बोर्ड से ओके रिपोर्ट आने के बाद दिल्ली-शामली, सहारनपुर मार्ग पर विद्युत ट्रेनों के चलाने की अनुमति दी जाएगी।
रेल बजट 2016 में रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने दिल्ली- शामली, सहारनपुर रेलवे मार्ग के लिए विद्युतीकरण- दोहरीकरण के लिए 1500 करोड़ रुपये का प्राविधान का किया था। पिछले दो साल से उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल की ओर से लोनी से लेकर टपरी तक विद्युतीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया था। पहले विद्युतीकरण का शामली तक दिसंबर 2020 और टपरी तक का लक्ष्य 31 मार्च तक निधार्रित किया गया था। लोनी से लेकर शामली तक रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण कार्य 31 मार्च तक पूरा हो जाएगा। शामली से टपरी तक विद्युतीकरण कार्य पूरा होने में अगले पांच माह में पूरा हो जाएगा। उत्तर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर बनवारी लाल गुप्ता ने बताया कि लोनी से लेकर शामली तक विद्युतीकरण कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। होली से पूर्व उत्तर रेलवे के सुरक्षा आयुक्त शैलेंद्र पाठक लोनी से लेकर शामली तक विद्युतीकरण का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण रिपोर्ट उत्तर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। विद्युतीकरण की ओके रिपोर्ट के बाद दिल्ली- शामली,सहारनपुर रेलवे मार्ग पर विद्युत ट्रेनों को संचालित करने की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अगले पांच माह में शामली से लेकर टपरी तक रेलवे विद्युतीकरण कार्य पूरा होगा।