- हमले में एक युवक घायल, ग्रामीणों ने अवैध खनन का आरोप लगाते हुए किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। नंगलाराई रेत खनन क्षेत्र पर किसानों ने अवैध खनन का विरोध किया तो आरोप है कि खनन ठेकेदार के कर्मचारियों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। जिस पर ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए रास्ता रोक दिया।
तहसील क्षेत्र के गांव नंगलाराई के ग्रामीणों का आरोप है कि खादर क्षेत्र में आवंटित रेत खनन पट्टे पर पॉर्कलेन मशीनों से खनन कार्य किया जा रहा है। रविवार को गांव नंगलाराई निवासी शाहिद नामक युवक ने खनन क्षेत्र पर पहुंचकर यमुना नदी की बहती जलधारा से किए जा रहे अवैध खनन का विरोध किया। आरोप है कि काली गाड़ी में खदान के अंदर पहुंचे खनन ठेकेदार के कर्मचारियों ने युवक पर हमला दिया, जिसमें वह घायल हो गया। झगड़े में खनन कर्मचारी यश भी घायल हो गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। कई ग्रामीणों ने खनन क्षेत्र पर पहुंचकर हंगामा किया। इस दौरान रास्ता भी अवरूद्घ कर दिया गया। पूर्व प्रधान फरजंद अली ने बताया कि आवंटित क्षेत्रफल से बाहर रेत खनन किया जा रहा है। विरोध करने पर उनके साथ में झगड़ा किया जाता है। शिकायत के बावजूद भी प्रशासन और खनिज विभाग के अधिकारियों की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
वहीं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।