शामली में जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर के पास में निर्माणाधीन ए0आर0टी0ओ0 कार्यालय का निरीक्षण करते स?
- फोटो : SHAMLI
शामली/कैराना। सहारनपुर मंडल के संयुक्त विकास आयुक्त सुनील कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को भैंसवाल रोड गोहरनी गांव में निर्माणाधीन एआरटीओ कार्यालय समेत कई परियोजनाओं का जायजा लिया। मौके पर दीवार की कटिंग कराकर गुणवत्ता की जांच कराई। कैराना ब्लाक के तितरवाड़ा गांव में चौपाल लगाकर जनसमस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त ने मानक और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए कार्य को गति देने के निर्देश दिए। संयुक्त विकास आयुक्त ने निर्माणाधीन बायोमैट्रिक कक्ष के अलावा अन्य कक्षों का फीता लगवा कर मानक चेक किया। अन्य निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी ली और समय-समय पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को चेक कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मोहल्ला रेलपार में 675.84 लाख की लागत से निर्माणाधीन शामली नगर पुनर्गठन पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण भी किया।
जल निगम के अफसरों ने बताया कि यह जलाशय 1700 किलोलीटर का है, जिसकी ऊंचाई 20 मीटर है। 1135 हाउस कनेक्शन किए गए हैं। निरीक्षण के समय संयुक्त विकास आयुक्त द्वारा पानी की टेस्टिंग, ट्यूबवेल, उच्च जलाशय की गुणवत्ता की स्थिति के संबंध में जानकारी ली, पंप हाउस का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे दूरी वाले हाउस कनेक्शन का प्रेशर चेक करने के निर्देश दिए।
कैराना ब्लाक के तीतरवाड़ा गांव में चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनीं। विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए पेंशन एवं आवास के लाभार्थियों से भी वार्ता की गई। स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति की स्थिति देखी। ग्रामीणों द्वारा विद्युत के जर्जर तार, पानी की निकासी आदि की समस्याओं का निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान संयुक्त विकास आयुक्त ने छोटे बच्चों को अन्नप्राशन एवं गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई गई। डीडीओ प्रमोद कुमार, बीडीओ जितेंद्र कुमार मिश्र, जिला दिव्यांग अधिकारी अंशुल चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजेंद्र कुमार, कृषि अधिकारी, एबीएसए आदि अधिकारी मौजूद रहे।