कैराना तहसील में पीएसी कैंप की जमीन के बैनामे की प्रक्रिया पर मंत्रणा करते डीएम
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। ऊंचा गांव में पीएसी कैंप और रसूलपुर गुज्जर में फायरिंग रेंज बनाने के लिए सरकार कुल 31.7262 हैक्टेयर जमीन किसानो से खरीदेगी। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएम ने कैराना तहसील पहुंचकर जमीन देने वाले 87 किसानों के बैंक खातों में धनराशि आनलाइन भेजने संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दो दिन में धनराशि किसानों के खाते में पहुंच जाएगी।
सोमवार को कैराना तहसील पहुंचे डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि उंचा गांव में 26.2939 हेक्टेयर भूमि पर पीएसी कैंप बनेगा। जिसमें से 24.8697 हेक्टेयर भूमि सहमति के आधार पर 65 किसानों से तथा रसूलपुर गुज्जर में फायरिंग रेंज के लिए 6.8565 हेक्टेयर भूमि सहमति के आधार पर 22 किसानों से खरीदी जाएगी। जमीन का मूल्य सर्किल रेट से करीब चार गुणा रखा गया है। जमीन के बैनामे के लिए शासन ने धनराशि जारी कर दी है। सत्यापन कराने के बाद दो दिन में धनराशि किसानों के बैंक खातों में आन लाइन ट्रांसफर करा दी जाएगी।
बैनामे पर नहीं लगेगा स्टांप शुल्क
डीएम ने बताया कि जमीन सरकार खरीद रही है इसलिए राज्यपाल के प्रतिनिधि के तौर पर पीएसी की छठी वाहिनी के कमांडेंट के नाम पर किसानों द्वारा संयुक्त तौर पर एक या दो बैनामे कराए जाएंगे। जिस पर स्टांप शुल्क नहीं लगेगा। जमीन की खरीदने की प्रक्रिया एक सप्ताह के अंदर पूरी हो जाएगी।
सीएम करेंगे शिलान्यास
डीएम ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर जमीन खरीदने के बाद पीएसी कमांडेंट कैंप और फायरिंग रेंज के निर्माण का प्रस्ताव बना कर शासन को भेजेंगे। प्रस्ताव पास होने के बाद मुख्यमंत्री पीएसी कैंप और फायरिंग रेंज का शिलान्यास करेंगे।
दो साल पहले मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा
कैराना में गुंडा गर्दी, रंगदारी के कारण पलायन मुद्दे ने प्रदेश की राजनीति में मुद्दा बनने के बाद सांसद बाबू हुकुम सिंह ने कैराना से 343 हिंदू परिवारों के पलायन की सूची जारी की थी। कैराना लोकसभा उपचुनाव के दौरान शामली में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएसी कैंप की स्थापना की घोषणा की थी।