शामली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बृहस्पतिवार को शामली ब्लॉक में सड़क सुरक्षा संबंधी गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में शमली ब्लॉक के बीडीसी सदस्य एवं ग्राम प्रधान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान एआरटीओ रोहित राजपूत ने जनप्रतिनिधियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने की अपील की। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर उपचार दिलाने के लिए संचालित कैशलेस ट्रीटमेंट योजना की जानकारी दी गई।
इसके अलावा हिट एंड रन योजना के तहत दुर्घटना में मृतक या घायल के परिजनों को मिलने वाली सहायता तथा राहगीर योजना के बारे में भी विस्तार से बताया गया। एआरटीओ ने बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले राहगीर को सरकार की ओर से सम्मान व प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
गोष्ठी में मौजूद ग्राम प्रधानों और बीडीसी सदस्यों से अपील की गई कि वे अपने-अपने गांवों में लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों और योजनाओं की जानकारी दें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।