शामली। कोरोना महामारी के दौर में जनपद पुलिस की पीआरवी वाहनों द्वारा ड्यूटी के साथ मानव सेवा का कार्य भी किया जा रहा है। सोमवार शाम को पीआरवी 3031 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मानवता की एक और बेहतरीन मिसाल पेश की है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पीआरवी को गश्त के दौरान करनाल रोड पर रुपयों से भरी थैली लावारिस पड़ी मिली। जिसमें 27 हजार रुपये थे। आसपास तलाश किए जाने पर कोई भी रकम के बारे में जानकारी नहीं दे सका। कुछ देर बार एक ट्रैक्टर चालक कुछ परेशान हालत में करनाल की तरफ से आया और पीआरवी कर्मियों से रुपये के बारे में जानकारी की। पीआरवी कर्मियों ने चालक को खोए हुए 27000 हजार रुपये सुपुर्द कर दिए। ट्रैक्टर चालक राजेंद्र सिंह निवासी शामली ने बताया कि वह करनाल किसी काम से रुपये लेकर जा रहा था। रास्ते में पानी की बोतल निकाले जाने के दौरान ट्रैक्टर के टूल बॉक्स से गिर गए थे। ट्रैक्टर चालक अपने खोई हुई रकम को पाकर खुश हुआ और पुलिसकर्मियों का धन्यवाद किया।