शामली। जनपद में मानसून दस्तक देने वाला है, लेकिन अभी तक नालों की सफाई का कार्य पूरा नहीं हो सका है। बारिश के दौरान शहर में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनती है, लेकिन उनका आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इन्हीं स्थानों में शहर के मोहल्ला बड़ीआल गोशाला रोड भी शामिल है, जहां के लोग और दुकानदार हर साल बारिश होते ही जलभराव की समस्या से जूझते है। खास बात ये है कि इस मोहल्ले के बराबर से ही मुख्य नाला है, लेकिन बारिश में वह खुद ही इतना ओवरफ्लो हो जाता है कि उसमें पानी नहीं जाता पाता। जलभराव की समस्या को लेकर मोहल्ला बड़ीआल के निवासियों से बातचीत की गई। पेश है रिपोर्ट...
शहर में एक ही मुख्य नाला है। इसकी सफाई सही तरीके से नहीं हो पाती, जिस कारण यह बारिश में ओवरफ्लो हो जाता है। इस वजह से गोशाला रोड बड़ीआल में हल्की बारिश में भी पानी भर जाता है। जब तक नाले का पानी नहीं उतरता तब तक सड़क का पानी भी नहीं उतरता। - रमेश कुमार, क्राकरी विक्रेता।
बारिश के मौसम में यहां अक्सर जलभराव होता है। तेज बारिश होते ही सड़क तालाब नजर आती है। दुकानों तक में पानी घुस जाता है। पास में बड़ा नाला बहता है, लेकिन उसमें पीछे से ही पानी इतना आता है कि उसमें मोहल्ले का पानी नहीं जा पाता। बारिश थमने के बाद भी यहां जलभराव होने से लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। - संजय कुमार चाट विक्रेता।
जलभराव होना यह एक साल की समस्या नहीं है, यह तो पिछले कई साल की समस्या है। नगरपालिका नाले और नालियों की सफाई के दावे करती है, लेकिन सही तरीका से सफाई न होने से जलभराव होता है। तेज बारिश में सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाता है। कई बार तो दुकान में पानी घुसने से नुकसान हो चुका है। - अमित गिरी, शूज विक्रेता।
बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से हर साल जूझना पड़ता है। इसका समाधान आज तक नहीं हुआ। बारिश होते ही चिंता बढ़ जाती है। एक तरफ ग्राहक आना बंद हो जाते है तो दूसरी तरफ दुकान में पानी घुसने का डर बना रहता है। बारिश थमने के काफी देर तक भी पानी भरा रहता है। - प्रवीण कुमार, किरयाना व्यापारी।
बारिश के दिनों में यहां जलभराव की समस्या रहती है। नाले-नालियों की सफाई सही ढंग से नहीं होती। नालियों का पानी सड़क पर भर जाता है। नाले में पीछे से ही इतना पानी आता है कि यहां का पानी निकलता नहीं। इसका समाधान होना चाहिए। - प्रदीप कुमार, व्यापारी।
---
कोट
मुख्य नाले की सफाई का काम चल रहा है। पहले भी सफाई कराई जा चुकी है। नालियों की सफाई भी लगातार चलती रहती है। फिर भी कहीं पर कोई समस्या है तो उसकी जानकारी कर समाधान कराया जाएगा। - सुरेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका।