शामली। कैराना क्षेत्र से सांसद इकरा हसन के विवादित बयान को लेकर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्हाेंने एसपी को ज्ञापन देकर सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष अमित प्रजापति कार्यकर्ताओं के साथ एसपी कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अमित प्रजापति ने कहा कि नौ अक्तूबर को सांसद इकरा हसन ने विवादित एवं भड़काऊ बयान दकर संवैधानिक मर्यादा का उल्लंघन है। इससे देश में अराजकता, सांप्रदायिक तनाव एवं विद्रोह जैसी स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास भी प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से ऐसी देशद्रोही भाषा एवं असंवैधानिक टिप्पणी की अपेक्षा नहीं की जा सकती। यह राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की श्रेणी में आता है। उन्होंने सांसद के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उधर, पुलिस ने शामली में कई हिंदूवादी नेताओं को उनके घर में नजरबंद किए रखा।
कैराना में सांसद इकरा हसन के आवास को बनाया छावनी
सीएम योगी के डेंटिंग-पेंटिंग बयान पर प्रतिक्रिया के बाद हिंदुत्व संगठन ने दी थी चेतावनी
कैराना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के डेंटिंग-पेंटिंग वाले बयान पर सांसद इकरा हसन की प्रतिक्रिया के बाद हिंदुत्व संगठन ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी को लेकर पुलिस सतर्क रही। दोपहर में हिंदुत्व संगठन से जुड़े कुछ लोग कैराना पहुंचे, लेकिन पुलिस के समझाने पर चले गए।
पिछले दिनों बरेली में हुए बवाल के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डेंटिंग पेंटिंग से संबंधित बयान दिया था। उनके इस बयान पर कैराना सांसद इकरा हसन की प्रतिक्रिया सामने आई थी। सांसद के बयान के विरोध में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ व हिंदू रक्षा दल उत्तराखंड की तरफ से कैराना में विरोध में प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के सहारनपुर जिलाध्यक्ष रोहित का 11 अक्तूबर को कैराना में विरोध में पहुंचने के आह्वान का वीडियो भी वायरल हुआ था। इसे लेकर प्रशासन-पुलिस सुबह से ही सतर्क रहा। सांसद के आवास पर अस्पताल की ओर से जाने वाला रास्ता और भूरा चुंगी की ओर से जाने वाले रास्तों पर बैरियर लगाकर पुलिस तैनात रही। भूरा बाईपास पर बैरियर के साथ सीओ श्याम सिंह व एसडीएम निधि भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सांसद के आवास पर सीओ यातायात तैनात रहीं। आवास के बाहर भी पुलिस को तैनात किया गया। कैराना के अलावा झिंझाना समेत कई थानों और पुलिस लाइन से फोर्स पहुंचा था। एडीएम व एएसपी कोतवाली में मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखी। बाद में रोहित प्रधान ने वीडियो बनाकर फिलहाल कैराना नहीं पहुंचने का आह्वान किया।
दोपहर करीब दो बजे सहारनपुर से गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितिन चौधरी कुछ लोगों के साथ कैराना पहुंचे। पुलिस ने उन्हें कोतवाली के पास रोक लिया। हालांकि नितिन चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह किसी विरोध के लिए नहीं, बल्कि ऊंचागांव में आश्रम में दर्शन करने और महाराज से आशीर्वाद लेने आए हैं। इसके बाद वे ऊंचागांव के लिए चले गए।
-
यह था मुख्यमंत्री का बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कुछ लोग हैं, जिनको शांति और कल्याण अच्छा नहीं लगता। जब भी हिंदू पर्व आता है तो उनको गर्मी आने लगती है। उनकी गर्मी को शांत करने के लिए हमें डेंटिंग-पेंटिंग का सहारा लेना पड़ता है।
-
इकरा हसन ने यह दी थी प्रतिक्रिया
सांसद इकरा हसन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि ऐसे संवैधानिक पद पर रहते हुए जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया, डेंटिंग-पेंटिंग कर देंगे, मैं कहती हूं कि करके दिखाएं आप। यह देश अंतरिक्ष में नहीं है। यह भी दुनिया का ही हिस्सा है। यहां पर ऐसा नहीं चल सकता। यह प्रदेश में कर सकते हैं, लेकिन देश के स्तर पर कभी ऐसा नहीं हो सकता। उन्होंने कहा था कि आसपास पड़ोसी देश में जो हाल है, वैसा ही यहां पर व्यवहार करेंगे, तो यहां पर पर भी वैसा हाल हो सकता है। लेकिन, हमें उन सब चीजों से बचना है। भाईचारा बनाने की कोशिश करनी है।
पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
जलालाबाद। हिंदू रक्षा दल द्वारा कैराना में सांसद के घेराव की चेतावनी के चलते सीओ जितेंद्र यादव ने नेतृत्व में पुलिस टीम ने दभेड़ी टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच कर तलाशी ली। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी स्थिति पर नजर रखी। सीओ ने बताया कि कैराना सांसद के आवास पर घेराव की चेतावनी को लेकर दभेड़ी टोल प्लाजा पर चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें संदिग्ध वाहनों और बाहर से आने वाले लोगों पर नजर रखी गई।
हिंदू रक्षा दल से संबंधित खबर का जोड़प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा समेत छह कार्यकर्ताओं को रोका
शामली। हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा व उनके साथ कैराना जा रहे चार-पांच कार्यकर्ताओं को पुलिस ने टोल प्लाजा पर रोक लिया। पुलिस ने उन्हें अपने साथ ले गई। उन्हें समझाया और कैराना जाने के कार्यक्रम रद करने शाम बजे छोड़ा गया। इसके बाद वे वहां से वापस चले गए।