नगर पंचायत की बैठक में सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव पास
शामली, जलालाबाद। नगर पंचायत की बैठक में नई पांच सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। नाला निर्माण, पेंचिंग वर्क, चौड़ी सड़कों के किनारे पौधरोपण, सरकारी स्कूलों के सौंदर्यीकरण आदि प्रस्ताव पारित किए गए।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी अब्दुल गफ्फार अहमद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन ईओ विजय आनंद ने किया। उपस्थित सभासदों की ओर से प्रस्तुत प्रस्तावों को पारित किया गया। सभासद नाजिम मलिक ने प्राइमरी स्कूल नंबर एक के निकट सड़क में खुले में रखे 400 केवी क्षमता के ट्रांसफार्मर के चारों ओर जाल लगाने, प्राइमरी व जूनियर हाई स्कूल में प्रार्थना स्थल पर इंटरलॉकिंग टाइल्स का प्रस्ताव रखा, जिसे मंजूर किया गया। अशोक कोरी ने श्मशान घाट का प्रस्ताव रखा, राजेश सैनी आदि ने कस्बे में सड़कों के दोनों किनारे सहित पौधरोपण बाईपास मार्ग की एक ओर की पटरी का प्रस्ताव रखा, जिसे मंजूर किया गया। हाजी नदीम अली खां आदि के मैदान से नदी तक नाला निर्माण का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। नई पांच सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। बैठक में हाजी नदीम अली खान, जनेश्वर सैनी, राजेश सैनी, राशिद चौधरी, कासिम अहमद ,बबली कश्यप ,नरेश शर्मा ,अशोक कोरी ,नाजिम मलिक, सोनू कुमार, अफजाल अहमद, आदि सभासद मौजूद रहे।