जांच में गड़बड़ी, आवेदनकर्ताओं को दिखाया गैर मौजूद
शामली, जलालाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना में कस्बे के 29 आवेदनकर्ताओं को प्रथम जांच में अपात्र घोषित कर उनको योजना से वंचित कर दिया गया। जांच में कई आवेदन कर्ताओं को मौके पर नहीं पाया जाना दर्शा दिया गया। दूसरी जांच अधिशासी अधिकारी को दी गई। अब तहसील स्तर के अधिकारी मौके पर जांच कर रिपोर्ट देंगे। गरीब आवेदन कर्ताओं ने प्रथम जांच करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग डीएम से की।
जलालाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना में 29 परिवारों ने एक साल पहले आवेदन किए थे। काफी समय तक इनके आवेदन लंबित रहे। इसके बाद उनकी पात्रता की जांच हल्का लेखपाल को दी गई। आरोप है कि हल्का लेखपाल ने बिना मौके पर जाए ही उन्हें अपात्र ठहरा दिया। 10 से अधिक आवेदनकर्ताओं को मौके पर नहीं पाया जाना दर्शा दिया। इन आवेदनकर्ताओं ने एडीएम अरविंद कुमार को शपथ पत्र सहित प्रार्थनापत्र देकर दोबारा जांच करने की मांग की। एडीएम ने जांच ईओ विजय आनंद को सौंप दी। प्रथम जांच का संज्ञान लेते एसडीम संदीप कुमार ने हल्का लेखपाल को फटकार लगाते हुए जांच तहसील स्तर के अधिकारी को भी दी है। शुक्रवार को तहसील स्तर के अधिकारी ने मौके पर जांच करने की संभावना है। डूडा के संविदा कर्मचारी मोहित कुमार व सचिन कुमार ने नगर पंचायत कर्मचारी मुकेश सैनी के साथ आवेदनकर्ताओं का सत्यापन किया। सभासद पप्पू बेग, मुरसलीन, फरीदा, साएमा, शाजमा, माजिद, रफत जहां आदि ने जांच करने वाले लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।