शामली कलक्ट्रेट में मीटिंग लेते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि जो व्यक्ति खुले में शौच जाएगा, उसे सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे लोगों पर जुर्माना लगाया जाएगा। जिले के तीन ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण सम्मानित किए जाएंगे।
बृहस्पतिवार को डीएम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत पंचायती राज विभाग द्वारा संपूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम चलाया गया। खुले में शौच मुक्त अभियान के तहत पहले चरण में 18 गांव के प्रेरकों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं अध्यापिकाओं की बैठक लेकर दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में खुले में शौच मुक्त कराने के लिए 18 गांवों को प्रथम चरण में शामिल किए गए है। जिनमें तीन गांव जल्द ही योजना में शामिल करके वहां के प्रधान और ग्रामीणों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंनेे कार्यक्रम में लगे कर्मचारियों से कहा कि जन प्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों का सहयोग लेकर वे गांव के ऐसे सभी परिवारों को शौचालयों के निर्माण के लिए प्रेरित करें। यदि इसके बाद भी कोई खुले में शौच जाता है तो उनके नाम ग्राम पंचायत भवन पर लिखकर उन्हें शर्मिंदा किया जाएगा, अगर इसके बावजूद भी न माने जो उन पर जुर्माना लगा सरकारी योजनाओं से वंचित रखा जाए।
बैठक में सीएमओ विनीता अग्रिहोत्री, बीडीओ थानाभवन डॉक्टर पंकज कुमार, जिला समन्वयक प्रीती कालरा, एडीओ और लोहरीपुर के ग्राम प्रधान जमील अहमद मौजूद रहे ।