पित्त की थैली में पथरी का ऑपरेशन के लिए भर्ती कराई थी महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के भैंसवाल रोड खुशहाली विहार निवासी राजप्रकाश ने निजी हाॅस्पिटल संचालक पर पत्नी का ऑपरेशन न करने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने सीएमओ को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित ने सीएमओ डॉ. अनिल कुमार को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसकी पत्नी हरवीरी (71) को पित्त की थैली में पथरी है। उनका आयुष्मान कार्ड बना हुआ है और पित्त की थैली का दूरबीन विधि से ऑपरेशन होना था। इसके लिए मुजफ्फरनगर मार्ग स्थित निजी हॉस्पिटल में 24 जुलाई को आधार कार्ड व आयुष्मान कार्ड जमा कराए गए थे। 25 जुलाई की सुबह पत्नी को ऑपरेशन के लिए भर्ती कर लिया गया।
अगले दिन ऑपरेशन के लिए उनकी पत्नी को कई घंटे तक बैठाए रखा। बैड की चादर तक नहीं बदली गई और हाॅस्पिटल के बाथरूम में पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। हाॅस्पिटल के कर्मचारियों से कमरे की सफाई करने को कहा तो उन्होंने साफ इंकार कर दिया।
राजप्रकाश का आरोप है कि उनकी पत्नी को तीन दिन तक खाली पेट रखा गया तथा ऑपरेशन के लिए बार-बार समय बदलते रहे। उन्होंने हाॅस्पिटल संचालक से फोन पर बात की तो उनके साथ अभद्रता की और ऑपरेशन करने से इंकार कर दिया। इसके बाद वे पत्नी को घर ले आए। पीड़ित ने सीएमओ से कार्रवाई की मांग की।